Feed aggregator

Bihar News: संवरने लगी राजगीर क्रिकेट स्टेडियम की सूरत, लाल मिट्टी से 6 पिच बनकर तैयार

Dainik Jagran - June 3, 2025 - 8:42am

जागरण संवाददाता, पटना। राजगीर में अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तैयार किया जा रहा है।

कार्यकारी एजेन्सी के द्वारा प्रजेंटेशन के माध्यम से क्रिकेट पिच, आउटफील्ड, हाई मास्ट लाइट, स्कोर बोर्ड लगाने, पवेलियन में चल रहे फिनिशिंग कार्य, साउंड सिस्टम, वाटर सप्लाई, फायर अलार्म, फायर फाइटिंग समेत अन्य सभी पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। 

स्टेडियम में लाल मिट्टी से बनाई जा रही 6 क्रिकेट पिच का कार्य पूरा

स्टेडियम में लाल मिट्टी से बनाई जा रही 6 क्रिकेट पिच का कार्य पूरा हो गया है। पिच पर घास लगाने का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।

मोकामा से लाई गई काली मिट्टी से 7 क्रिकेट पिच बनाई गई है। पिच पर घास लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

इसके अलावा जनरल स्टैंड ईस्ट, जनरल स्टैंड वेस्ट तथा रिवर्स पवेलियन का सिविल वर्क भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।

सिविल वर्क के साथ ही फिनिशिंग वर्क भी किया जा रहा है। क्रिकेट स्टेडियम में मेन पवेलियन के  कार्य पूरा कर लिया गया है। 

एजेन्सी ने आश्वासन दिया है कि अगले दो महीने में क्रिकेट स्टेडियम को मैच के लिए तैयार कर लिया जाएगा। विभाग के सचिव श्री कुमार रवि ने एजेन्सी को टाइमलाइन का पालन करते हुए कार्य पूर्ण करने का निदेश दिया। 

उन्होंने कहा कि सभी मानकों को ध्यान में रखकर कार्य पूर्ण किया जाय। किसी भी तरह की लापरवाही न हो। फिल्ड पर घास लगाने का कार्य शुरू हो गया है, जिसे जल्द पूर्ण करने के लिए निदेशित किया गया है।

बारिश के मौसम में मैदान से पानी निकासी हेतु ड्रेनेज प्रणाली विकसित की गई है। मैदान के बाहरी एरिया को विकसित करने के लिए समुचित निदेश दिया गया।

क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण 72843 वर्गमीटर भूखण्ड पर किया जा रहा है जिसमें 40,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी।

स्टेडियम अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिसमें खिलाड़ियों के लिए विशेष पवेलियन, कोच और मैनेजर के लिए बैठने की विशिष्ट व्यवस्था, वीवीआईपी अतिथियों के लिए विशेष स्टैंड शामिल होगा।

इसके निर्माण होने के उपरांत राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन के साथ-साथ स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं मिल सकेंगी। बिहार में क्रिकेट के विकास के लिए यह स्टेडियम मील का पत्थर साबित होगा।

Categories: Bihar News

Patna News: पटना में इस रूट पर जाम की समस्या हो जाएगी खत्म! डबल डेकर फ्लाईओवर बनकर तैयार

Dainik Jagran - June 3, 2025 - 8:18am

जागरण संवाददाता, पटना। कारगिल चौक से पटना साइंस कॉलेज के बीच डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। रात में रोशनी से नहाए फ्लाईओवर की खूबसूरती देखते ही बनती है।

कुल 2.2 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर के उद्घाटन का इंतजार हो रहा है। अब जल्द ही इसका लोकार्पण होने की उम्मीद है।

दो लेन वाला यह फ्लाईओवर 65 पिलरों पर टिका है। कुल 422 करोड़ की लागत से निर्मित इस फ्लाईओवर से अशोक राजपथ क्षेत्र में आवागमन में सुविधा मिलेगी।

हमेशा जाम रहने वाले अशोक राजपथ पर गाड़ियां निर्बाध दौड़ेंगी। इसका शिलान्यास चार सितंबर 2021 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। करीब चार वर्षों में यह बनकर तैयार हुआ है।

जुलाई अंत तक मंदिरी नाला बन जाएगा सड़क

उधर, पटना के मंदिरी नाले काे पाटकर सड़क निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। 1289 मीटर लंबे नाले में से 1200 मीटर नाले को ढक्कने का कार्य पूर्ण हो गया है।

इसका निर्माण पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की तरफ से कराई जा रही है। जुलाई माह के अंत तक इस रोड पर यातायात परिचालन शुरू कराने की तैयारी है।

इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद तीन लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा। उत्तरी मंदिरी, दक्षिणी मंदिरी, बापू नगर, चीनाकोठी, क्रश्चियन कालोनी की सहित कई मोहल्ले की तस्वीर बदल जाएगी।

वार्ड संख्या 21, 24, 25, 26 और 27 को के निवासी भी लाभांवित होंगे। शहर के केंद्रीय क्षेत्रों में यातायात की समस्या को कम करने में मदद करेगी।

अब मंदिरी नाला को पार करने के लिए बने पुल-पुलिया को तोड़कर नाले को ढक्कने का काम करना है। इसके समानोंतर में एक ड्रेनेज का भी निर्माण हो रहा है।

नाले को ढक्कर सड़क निर्माण पर 86.98 करोड़ रुपये खर्च होने जा रहा है। इसमें सड़क के नीचे एक ट्विन बैरल आरसीसी बाक्स ड्रेन का निर्माण किया जा रहा है।

सड़क की चौड़ाई 11 मीटर होगी, जिसमें प्रत्येक दिशा में 5.5 मीटर की दो लेन होंगी। साथ ही, सर्विस ड्रेन, सर्विस रोड यूटिलिटी डक्ट, स्ट्रीटलाइट्स, लैंडस्केपिंग और 3.5 मीटर चौड़ी सर्विस लेन भी बनाई जा रही है।

इसके निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद नेहरुपथ और अशोक राजपथ के बीच यातायात सुगम बन जाएगा। आयकर गोलंबर से सिद्धेश्वरी काली मंदिर तक सड़क निर्माण हो रहा है। नेहरुपथ से अशोक राजपथ सीधे कनेक्टि हो जाएगा तथा फ्रेजरोड और बुद्ध मार्ग पर वाहनों का दबाव घट जाएगा।

Categories: Bihar News

रांची में प्लेन से टकराया पक्षी, आखिर में पायलट की सूझ-बूझ से बाल-बाल बचे पटना से जाने वाले 175 यात्री

Dainik Jagran - June 3, 2025 - 8:13am

जागरण संवाददाता, रांची/पटना। पटना से रांची आने वाला इंडिगो का विमान सोमवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लगभग 16 किलोमीटर दूर बर्ड हिट का शिकार हुआ।

विमान में लगभग 175 यात्री सवार थे। जानकारी के अनुसार, दशम फाल व हेथू के बीच विमान के एयरपोर्ट पर लैंड करने से पहले बर्ड हिट की घटना हुई।

इसके बाद लगभग 40 मिनट तक विमान आसमान में मंडराता रहा। एयरपोर्ट निदेशक आरआर मौर्या ने बताया कि पायलट ने अपनी सूझ-बूझ से लगभग एक बजकर 14 मिनट पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमान को सुरक्षित उतारा।

इसके बाद विमान में सवार यात्रियों ने राहत की सांस ली। विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान की तस्वीर देख यह स्पष्ट है कि विमान के अगले हिस्से में पक्षी के टकराने से काकपिट की ऊपरी सतह पर दरार आ चुकी है।

विमान में क्या तकनीकी खराबी आई? अब होगी जांच

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, दशम फाल व हेथू के बीच कुछ ऐसे भोज्य पदार्थ होंगे, जिसे देख पक्षी उस क्षेत्र में मंडरा रहे होंगे।

एयरपोर्ट निदेशक आरआर मौर्य ने बताया कि बर्ड हिट की घटना के बाद अभियंताओं की टीम विमान की जांच कर रही है। विमान को ग्राउंडेड कर दिया गया है।

जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विमान में क्या तकनीकी खराबी आई है। रांची से पटना के लिए उड़ान भरने वाले विमान (6ई 925) को रद कर दिया गया।

विमान में आई तकनीकी खराबी की मरम्मत होने के बाद डीजीसीए से स्वीकृति मिलने के बाद ही संबंधित विमान को उड़ान भरने की अनुमति प्रदान की जाएगी। इंडिगो के विमान से पटना जाने वाले सभी यात्रियों का टिकट रद कर दिया गया है।

Categories: Bihar News

Bihar Weather: बिहार के 7 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट, वज्रपात को लेकर सावधान रहने की अपील; पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

Dainik Jagran - June 3, 2025 - 7:42am

जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी समेत प्रदेश के अधिसंख्य भागों का मौसम शुष्क बना रहेगा। आंशिक बादल छाए रहने के साथ उमस का प्रभाव बना रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सात जिलों शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया के एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और आंधी पानी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन स्थानों पर 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। तीन से चार दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री वृद्धि के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार छह जून से प्रदेश के मौसम में बदलाव के आसार हैं।

छह से आठ जून के दौरान प्रदेश के अधिसंख्य भागों में उष्ण दिन (गर्म दिन) रहने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

बीते 24 घंटों के दौरान किशनगंज, अररिया, मधुबनी, गया, सीतामढ़ी, सुपौल, कटिहार, भागलपुर, मधुबनी के अलग-अलग स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई।

मधुबनी के अंधराथाड़ी में सर्वाधिक वर्षा 60.2 मिमी दर्ज की गई। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस जबकि 40.2 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी, बक्सर एवं भोजपुर सबसे गर्म रहा।

सोमवार को डेहरी, गया, नालंदा, फारबिसगंज, किशनगंज, छपरा, सासाराम, वाल्मीकि नगर को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

इन जगहों पर दर्ज की गई वर्षा

स्थान- वर्षा (मिमी में)

अररिया के नरपतगंज -60

किशनगंज के तैबपुर -50.8

मधुबनी के राजनगर -45

झंझारपुर -45

गया के मोहनपुर -35

खगड़िया के मानसी-34.6

कटिहार के बरसोई -32.8

फारबिसगंज -31.6

सुपौल के राघोपुर -26.4

किशनगंज के दिघलबैंक -26.2

पूर्णिया के भवानीपुर- 21.8

भागलपुर के बीहपुर -21.4

मधेपुरा के चौसा -16.8

Categories: Bihar News

देश में तेजी से पांव पसार रहा कोरोना, 24 घंटे में चार लोगों की मौत; 3,961 हुई एक्टिव मामलों की संख्या

Dainik Jagran - National - June 3, 2025 - 6:33am

आईएएनएस, नई दिल्ली। भारत में कोविड के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 3,961 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि पिछले 24 घंटों में देश में कोविड से चार मौतें हुई हैं। दिल्ली, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और केरल में रविवार से एक-एक मरीज की मौत हुई है।

इस वर्ष जनवरी से अब तक देश में कोविड से 32 मौतें हो चुकी हैं।कोविड के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं, क्योंकि संक्रमण गंभीर नहीं है। नए सबवैरिएंट्स एनबी.1.8.1 और एलएफ.7 के कारण मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन अधिकांश मरीज होम केयर में हैं। इस बार कोविड के कारण अस्पतालों पर बोझ नहीं पड़ेगा। हालांकि कोविड से बचने के लिए सतर्कता बरतनी चाहिए।

जानिए कहां कितने मामले

दिल्ली में कोविड के 47 नए मामले सामने आए हैं, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 483 हो गई है। केरल में मामलों की संख्या 1,435 हो गई है। महाराष्ट्र में काविड के 21 नए मामले मिलने से राज्य सक्रिय मामलों की संख्या 506 हो गई है। बंगाल में काविड के 44 नए मामले मिले हैं। बंगाल में सक्रिय मामलों की संख्या 331 हो गई है।

बढ़ते मामलों से घबराने की जरूरत नहीं

दिल्ली एम्स में सामुदायिक चिकित्सा केंद्र के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. हर्षल आर. साल्वे ने कहा, घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। हालांकि प्रारंभिक चरण में काविड की लहर को काबू करने के लिए सर्विलांस सिस्टम को मजबूत करने की जरूरत है।

प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू अस्पताल के मुख्य अधीक्षक डॉ. एसके. चौधरी ने भी कहा है कि कोविड के बढ़ रहे मामलों से घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

यह भी पढ़ें: Corona in India: तेजी से फैल रहा कोरोना, 4000 के करीब पहुंचे एक्टिव केस; किन राज्यों में मिले सबसे ज्यादा मरीज?

यह भी पढ़ें: भारत में कोरोना के मामले तोड़ रहे रिकॉर्ड, एक हफ्ते में 1200 फीसदी बढ़ गए मरीज; इन राज्यों में सबसे अधिक केस

Categories: Hindi News, National News

छह साल में पहली बार होगा ऐसा..., जी-7 शिखर सम्मेलन से दूर रह सकते हैं पीएम; आखिर क्या है वजह?

Dainik Jagran - National - June 3, 2025 - 6:33am

पीटीआई, नई दिल्ली। छह वर्षों में पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन से दूर रह सकते हैं। इस बात की संभावना जताई जा रही है कि पीएम मोदी कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में होने वाले सम्मेलन में शामिल नहीं हो सकते हैं।

कनाडा की मेजबानी में 15 से 17 जून तक होने वाले सम्मेलन में रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया की स्थिति जैसी वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा होने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार, कनाडा ने अभी तक प्रधानमंत्री मोदी को सम्मेलन के लिए निमंत्रण नहीं भेजा है, लेकिन मोदी के वहां जाने की संभावना नहीं है। क्योंकि दोनों देशों के मौजूदा संबंधों के मद्देनजर इस तरह की यात्रा के लिए बहुत अधिक तैयारी की आवश्यकता होती है।

भारत कनाडा के संबंध हो गए थे बेहद तनावपूर्ण

भारत-कनाडा के संबंध उस समय बेहद तनावपूर्ण हो गए थे, जब 2023 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने खालिस्तानी समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत का हाथ होने का आरोप लगाया था। हालांकि, गत अप्रैल में संसदीय चुनावों में लिबरल पार्टी के नेता मार्क कार्नी की जीत से संबंधों में सुधार की उम्मीद जगी है।

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में क्या कहा?

हाल ही में विदेश मंत्रालय ने कहा था कि भारत ने कनाडा को खालिस्तान समर्थकों के संबंध में अपनी सुरक्षा चिंताओं से लगातार अवगत कराया है। उनसे आग्रह किया गया है कि हिंसा और अलगाव का समर्थन करने वाले चरमपंथी तत्वों को राजनीति में कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए। इस बयान से जाहिर होता है कि कनाडा की नई सरकार की ओर से भारत की चिंताओं को दूर करने के लिए अभी तक कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है।

इसके अलावा नई दिल्ली और कनाडा के बीच एक-दूसरे के उच्चायुक्तों को बहाल करने के लिए कोई महत्वपूर्ण प्रगति नहीं हुई है। 2023 में प्रधानमंत्री मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए जापान के हिरोशिमा गए थे, जबकि 2022 में जर्मनी की यात्रा की थी। जी-7 में अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, इटली, जर्मनी, कनाडा और जापान शामिल हैं। कनाडा वर्तमान में जी-7 की अध्यक्षता कर रहा है।

यह भी पढ़ें: हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े', पैराग्वे के राष्ट्रपति से बोले पीएम मोदी

यह भी पढ़ें: दुनिया भर में 'आतंकिस्तान' को बेनकाब कर लौट रहे भारतीय सांसद, पीएम मोदी डेलिगेशन से लेंगे फीडबैक

Categories: Hindi News, National News

'पानी और खून एक साथ नहीं बह सकता', भारतीय प्रतिनिधिमंडलों ने आतंक के खिलाफ एकजुटता पर दिया जोर; पाक को कड़ा संदेश

Dainik Jagran - National - June 3, 2025 - 6:32am

पीटीआई, लंदन। विदेश गए भारतीय प्रतिनिधिमंडलों ने सोमवार को कई देशों के नेताओं से मुलाकात की और आतंकवाद से लड़ने के भारत के संकल्प को दोहराया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मानवता के हित में आतंकवाद को समाप्त किया जाना चाहिए।

लंदन में भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भारत-प्रशांत मंत्री कैथरीन वेस्ट से मुलाकात की। कैथरीन ने उन्हें बताया कि आतंकवाद से लड़ने के प्रयासों में ब्रिटेन भारत के साथ है। लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने आतंकवाद से अपने दम पर निपटने के भारत के संकल्प को दोहराया।

'आतंकवाद सभी देशों के लिए खतरा'

प्रतिनिधियों ने इस बात पर भी जोर दिया कि आतंकवाद सभी देशों के लिए खतरा बना हुआ है। इसलिए दुनिया को मानवता के हित में इस संकट को मिटाने की जरूरत है। कैथरीन वेस्ट ने पहलगाम आतंकी हमलों की निंदा की और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता के लिए भारत के योगदान की सराहना की। बंद कमरे में हुई इस बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने इंडिया हाउस में ब्रिटेन स्थित कुछ अग्रणी थिंक टैंकों के प्रतिनिधियों के साथ गहन विचार-विमर्श किया।

प्रतिनिधिमंडल ने आतंकवाद के प्रति 'जीरो टालरेंस' का दिया संदेश

अल्जीरिया में भाजपा सांसद बैजयंत जय पांडा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को चार देशों (बहरीन, कुवैत, सऊदी अरब और अल्जीरिया) की अपनी यात्रा पूरी की और आतंकवाद के प्रति 'जीरो टालरेंस' का संदेश दिया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने रविवार रात अल्जीरियाई संसद की विदेश मामलों पर समिति के अध्यक्ष मोहम्मद खोउने से मुलाकात की। पांडा ने एक्स पर पोस्ट किया, पारस्परिक हित के व्यापक विषयों और आतंकवाद के सभी रूपों से निपटने के लिए भारत की प्रतिबद्धता पर चर्चा की गई।

'पानी और खून एक साथ नहीं बहेगा'

मलेशिया में जदयू सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने आतंकवाद के प्रति भारत की दृढ़ता पर जोर दिया और कहा कि पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न पार्टियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उन्हें आतंकवाद के खिलाफ भारत के दृष्टिकोण और राष्ट्रीय संकल्प से अवगत कराया। राकांपा (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मिस्त्र की सीनेट और प्रतिनिधि सभा के सदस्यों के साथ उपयोगी चर्चा की।

स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बेरेस से प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

सीनेट ने भारत के साथ एकजुटता की पुष्टि की और घनिष्ठ रणनीतिक साझेदारी से जुड़े महत्व को दोहराया। द्रमुक सांसद कनिमोरी के नेतृत्व में संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने मैड्रिड में स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बेरेस से मुलाकात की। इस दौरान अल्बेरेस ने आतंकवाद से निपटने के भारत के प्रयासों के लिए अपना स्पष्ट समर्थन व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने अल्बेरेस को भारत की स्थिति से अवगत कराया और आतंकवाद से निपटने को लेकर भारत के प्रयासों पर चर्चा की।

लाइबेरिया में शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय समुदाय के साथ बातचीत के दौरान आतंकवाद के सभी रूपों से लड़ने के लिए भारत का संकल्प व्यक्त किया। कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में संसदीय प्रतिनिधिमंडल पांच देशों की अपनी यात्रा के चौथे चरण में ब्राजील पहुंच गया है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल तेजस्वी सूर्या ने एक्स पर लिखा, पूरे दिन की यात्रा के बाद हमारा प्रतिनिधिमंडल ब्राजील पहुंच गया है। पिछला सप्ताह व्यस्त लेकिन बहुत उपयोगी रहा। यहां अगले दो दिनों की वार्ताओं का बेसब्री से इंतजार है।

यह भी पढ़ें: 'सिर्फ 32 प्रतिशत पैसा खुद जुटा पा रहे शहरी स्थानीय निकाय', CAG की ऑडिट रिपोर्ट में खुलासा; वजह भी आई सामने

यह भी पढ़ें: हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े', पैराग्वे के राष्ट्रपति से बोले पीएम मोदी

Categories: Hindi News, National News

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार होगी कैबिनेट बैठक, पीएम मोदी की अध्यक्षता में लिए जा सकते हैं बड़े फैसले

Dainik Jagran - National - June 3, 2025 - 6:32am

पीटीआई, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Modi) बुधवार को केंद्रीय मंत्रियों की परिषद (Cabinet Meeting) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे जो कि पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के तहत भारत की दंडात्मक सैन्य कार्रवाई के बाद पहली बैठक है। यह कार्रवाई पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में की गई थी।

सूत्रों के अनुसार, मंत्री परिषद की बैठक के दौरान इस ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी दी जा सकती है। यही मंत्री गण अगले सप्ताह मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रमों में भी शामिल होने वाले हैं।

इन बातों पर भी बैठक पर हो सकती है चर्चा

ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के अलावा प्रधानमंत्री परिषद की बैठक में अपने शासन की प्रमुख विशेषताओं पर भी प्रकाश डाल सकते हैं क्योंकि मंत्री वर्षगांठ के कार्यक्रमों के दौरान देशभर में लोगों के साथ संवाद करने की तैयारी कर रहे हैं।

भारत द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले गुलाम जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में नौ आतंकी स्थलों पर किए गए सटीक हमले और इसके बाद पड़ोसी देश के सैन्य ठिकानों विशेष रूप से एअरबेस पर की गई जवाबी कार्रवाई पीएम मोदी के हालिया भाषणों का एक प्रमुख विषय रही हैं। उन्होंने यह पुष्टि की है कि ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान से जुड़े आतंकवादी कृत्यों को दंडित करने में भारत के ''न्यू नार्मल'' को चिह्नित किया है।

पीएम मोदी डेलिगेशन से लेंगे फीडबैक

पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद (Pakistan Sponsored Terrorism) और ऑपरेशन सिंदूर की सच्चाई से दुनिया को अवगत कराने गए सांसदों और राजनयिकों के प्रतिनिधमंडल की वापसी बुधवार सुबह से शुरू हो जाएगी। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह खुद प्रधानमंत्री भी इन प्रतिनिधमंडलों से मुलाकात करेंगे और फीडबैक (PM Modi Feedback Session) लेंगे।

विश्व के 33 देशों में कुल दस दिनों की यात्रा बहुत सफल मानी जा रही है जिसमें औपचारिक और अनौपचारिक चर्चा में भारत के सांसदों (Indian MPs expose Pakistan) ने न सिर्फ संबंधित सरकारों बल्कि वहां के थिंक टैंक और बुद्धिजीवियों को हर पहलू पर भारत के विचारों से सहमत कराने की कोशिश की।

यह भी पढ़ें: हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े', पैराग्वे के राष्ट्रपति से बोले पीएम मोदी

यह भी पढ़ें: भारत में जन्मी आसमा खान का '195' गीत गिनीज बुक में शामिल, लैंगिक समानता पर आधारित है गाना

Categories: Hindi News, National News

पूर्वोत्तर में जारी रहेगा बारिश का दौर, दिल्ली-राजस्थान में भी करवट लेगा मौसम; जानिए कहां तक पहुंचा मानसून

Dainik Jagran - National - June 3, 2025 - 6:32am

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का रूख अलग देखने को मिल रहा है। जहां उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ गर्मी हो रही है। तो वहीं, पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ के कारण हालात खराब हो गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी पिछले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिला है।

वहीं, राजस्थान में पिछले समय तक गर्मी का सितम रहा, लेकिन सोमवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला देखने को मिला। वहीं, बात उत्तर प्रदेश की करें तो कई जिलों में गर्मी से हाल बेहाल हैं। वहीं, IMD ने मानसून को लेकर भी अपडेट दिया है।

जानिए दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में मंगलवार को भी हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में तेज हवा भी चलने की संभावना है। वहीं, रविवार राजधानी में तेज हवाओं और हल्की बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया था।

यह भी पढ़ें: Forest Fire: मौसम मेहरबान हुआ तो फायर सीजन में मिली राहत, जंगल की आग की घटनाओं में आई कमी आने से राहत

जानिए यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। कुछ जिलों में के लिए विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकांश समय आसमान में बाद छाए रहेंगे। इसके अवाला 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: Weather Update: भारी बारिश के साथ अंधड़ की चेतावनी... उत्तराखंड में 24 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज

पूर्वोत्तर में जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश के कारण हालात बेहद खराब हो गए हैं। बारिश के कारण 36 से अधिक लोगों की जान चली गई है। वहीं, सिक्किम के छातेन सैन्य शिविर के पास लैंडस्लाइड हुआ है। इसमें तीन जवान लापता हो गए। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले एक से दो दिनों तक बारिश का ये सिलसिला अभी जारी रह सकता है।

असम में भी बारिश के कारण स्थितियां गंभीर बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने कहा कि पूर्वोत्तर के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का सिलसिला देखने को मिलेगा। वहीं, कुछ जगहों पर भारी से अधिक बारिश देखने को मिल सकती है।

कहां पहुंचा मानसून

देश में इस साल मानसून ने तय समय से पहले ही दस्तक दे दी। मानसून के समय से पहले आने के बाद लोगों में काफी खुशी देखने को मिली। इस बीच मौसम विभाग ने बताया कि मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी हो गई है। विभाग की माने तो मानसून की तीव्रता अगले 7 से 8 दिन के लिए थम गई है। शुरुआत के दिनों में मानसून अच्छी रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा था। हालांकि, अब वो रफ्तार धीमी होती नजर आ रही है। (इनपुट एजेंसी के साथ)

अपने शहर के मौसम की जानकारी के लिए यहां क्लिक करें। 

Categories: Hindi News, National News

Pages

Subscribe to Bihar Chamber of Commerce & Industries aggregator

  Udhyog Mitra, Bihar   Trade Mark Registration   Bihar : Facts & Views   Trade Fair  


  Invest Bihar