Feed aggregator

100 विशेष न्यायालयों के बावजूद पीएमएलए मामलों की सुनवाई धीमी, ईडी ने जारी की ताजा रिपोर्ट

Dainik Jagran - National - May 3, 2025 - 12:24am

पीटीआई, नई दिल्ली। देश में प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के मामलों की सुनवाई के लिए 100 विशेष न्यायालय हैं, इसके बावजूद इस विशेष कानूनी प्रविधान के मामलों के अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचने में विलंब हो रहा है। यह बात प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ताजा रिपोर्ट में कही गई है।

ईडी पर विपक्षी दल लगाते हैं आरोप

आर्थिक अपराधों की जांच करने वाले ईडी पर विपक्षी दल अक्सर भेदभावपूर्ण कार्रवाई करने के आरोप लगाते हैं। कहा यह भी जाता है कि एजेंसी के मामलों में आरोपितों के दोषी साबित होने का प्रतिशत बहुत कम है। लेकिन एजेंसी ने इन दावों का मजबूती के साथ खंडन किया है।

दोष सिद्ध होने का प्रतिशत 93 प्रतिशत से ज्यादा

ईडी के निदेशक राहुल नवीन ने कहा कि एजेंसी ने जिन मामलों में कार्रवाई कर मुकदमे दर्ज किए हैं उनमें दोष सिद्ध होने का प्रतिशत 93 प्रतिशत से ज्यादा का है। एजेंसी ने पीएमएलए के मामलों की सुनवाई में आने वाली चुनौतियों के विषय में अलग से रिपोर्ट जारी की है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि इन्हीं चुनौतियों के चलते ही न्यायालय में मामलों को अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचाने में देरी होती है।

एजेंसी ने कुल 7,771 मामलों में जांच की

ईडी की रिपोर्ट में बताया गया है कि 2005 में स्थापना काल से अभी तक एजेंसी ने कुल 7,771 मामलों में जांच की है लेकिन इनमें 1,739 मामलों में ही मुकदमे दर्ज किए हैं। इस दौरान एजेंसी ने विभिन्न मामलों से संबंधित 1.55 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है।

Categories: Hindi News, National News

SC: स्टांप पेपर के लिए दो रुपये अधिक लेने का था आरोप, सुप्रीम कोर्ट ने किया बरी

Dainik Jagran - National - May 3, 2025 - 12:18am

 पीटीआई, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने एक अनोखे मामले में उस व्यक्ति को शुक्रवार को बरी कर दिया जिस पर दो दशक पहले स्टांप पेपर के लिए दो रुपये अधिक लेने का आरोप लगा था। इस मामले में ट्रायल कोर्ट ने 2013 में सजा सुनाई थी और हाई कोर्ट ने भी उसे बरकरार रखा था।

पीठ ने कही ये बात

जस्टिस जेबी पार्डीवाला और जस्टिस आर. महादेवन की पीठ ने कहा कि अभियोजन पक्ष भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रविधानों के तहत रिश्वत की मांग और उसे स्वीकार करने की बात साबित करने में विफल रहा।

शीर्ष अदालत ने स्थानीय अदालत से लाइसेंस प्राप्त स्टांप विक्रेता, दिल्ली निवासी अमन भाटिया की 2013 में दी गई सजा को रद कर दिया। दिल्ली हाई कोर्ट ने 2014 में सजा की पुष्टि की थी। रिकॉर्ड में यह बात सामने आई कि नौ दिसंबर, 2003 को शिकायतकर्ता 10 रुपये का स्टांप पेपर खरीदने के लिए दिल्ली के जनकपुरी स्थित उप-पंजीयक के कार्यालय गया था।

भाटिया ने कथित तौर पर 10 रुपये के स्टांप पेपर के लिए 12 रुपये मांगे। दो रुपये अधिक मांगे जाने के खिलाफ शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार निरोधक शाखा में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसने भाटिया को रंगे हाथों पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

इसके बाद भाटिया पर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के प्रविधानों के तहत अधिक कीमत वसूलने का मामला दर्ज किया गया और 30 जनवरी 2013 को दोषी ठहराया गया तथा एक वर्ष जेल की सजा सुनाई गई।

दिल्ली हाई कोर्ट ने 12 सितंबर 2014 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रविधानों के तहत लोक सेवक मानते हुए दोषसिद्धि और सजा की पुष्टि की थी।शुक्रवार को भाटिया की अपील पर निर्णय करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने इन प्रश्नों पर निर्णय सुनाया कि क्या हाई कोर्ट द्वारा लाइसेंसधारी स्टांप विक्रेता को लोक सेवक मानना सही था, और यदि हां, तो क्या उसकी दोषसिद्धि कायम रह सकती है?

शीर्ष अदालत ने कहा कि देश में स्टांप विक्रेता महत्वपूर्ण सरकारी कर्तव्य निभाते हैं और ऐसी सार्वजनिक सेवाओं के लिए सरकार से पारिश्रमिक प्राप्त करते हैं, इसलिए उन्हें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रविधानों के तहत लोक सेवक कहा जाना चाहिए।

भाटिया को लोक सेवक मानने के बावजूद, शीर्ष अदालत को रिश्वत की मांग और उसकी स्वीकृति का कोई साक्ष्य नहीं मिला। पीठ ने भाटिया की अपील स्वीकार करते हुए कहा कि उनकी दोषसिद्धि बरकरार नहीं रखी जा सकती और इसलिए इसे खारिज किया जाना चाहिए।

Categories: Hindi News, National News

क्या कर्मों का फल मिलता है या नहीं? रिसर्च में किया गया बड़ा दावा

Dainik Jagran - National - May 2, 2025 - 11:35pm

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अक्सर सवाल पूछा जाता है कि क्या वाकई कर्मों का फल मिलता है। क्या बुरे कर्मों का दंड मिलता है और अच्छे कर्मों का फल प्राप्त होता है? इस सवाल पर रिसर्च किया गया। कई लोगों से इस सवाल का जवाब पूछा गया।

रिसर्च में अधिकांश लोगों का मानना ​​है कि कर्म, यानी अच्छे कर्मों का पुरस्कार और बुरे कर्मों का दंड, काम करता है। अध्ययन में शामिल धार्मिक और गैर-धार्मिक पृष्ठभूमि के 2,000 लोगों में से लगभग 59 प्रतिशत ने दावा किया कि उन्हें अपने अच्छे कर्मों के लिए पुरस्कार मिला है।

92 प्रतिशत लोगों ने कहा- बुरे कर्मों का फल मिलता है

अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन द्वारा धर्म और आध्यात्मिकता के मनोविज्ञान मैगजीन में प्रकाशित एक नए रिसर्च के अनुसार, 92 प्रतिशत लोगों ने कहा कि धोखेबाज साथी, कर्ज में डूबे दोस्त, धमकाने वाले और सहकर्मी अपने कार्यों के लिए कर्म के भागी होते हैं। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, अध्ययन में भाग लेने वाले 2,000 व्यक्ति अमेरिका, भारत और सिंगापुर से थे।

अच्छे कार्य करने से बेहतर परिणाम की संभावना बढ़ जाती है: रिसर्च

रिसर्च के अनुसार, लोगों का मानना ​​है कि अच्छे कार्य करने से बेहतर परिणाम की संभावना बढ़ जाती है, जबकि वे निर्दयी, उदासीन और नकारात्मक व्यवहार के कारण इसके विपरीत होने से डरते हैं।

अध्ययन में सांस्कृतिक अंतरों को भी शामिल किया गया है, जिससे अमेरिका जैसे पश्चिमी देशों और भारत और सिंगापुर जैसे देशों के व्यक्तियों की विचार प्रक्रियाओं के बीच तुलना करना संभव हो गया है। भारतीय और सिंगापुरवासी तुलनात्मक रूप से आत्म-आलोचनात्मक थे, लेकिन अमेरिकियों ने आत्म-उन्नयन की अधिक प्रवृत्ति प्रदर्शित की।

यह भी पढ़ें: हिन्दू धर्म में क्या है कर्म महत्व और किस तरह पड़ता है इसका जीवन पर प्रभाव?

Categories: Hindi News, National News

दिल्ली समेत कई राज्यों में मूसलधार बारिश से हाहाकार, 8 लोगों की मौत; 200 से अधिक उड़ानों पर पड़ा असर

Dainik Jagran - National - May 2, 2025 - 11:30pm

जागरण टीम, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र सहित पूरे उत्तर भारत में शुक्रवार सुबह तेज आंधी व तूफान के साथ मूसलधार बारिश हुई, जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। सिर्फ राजधानी में 236 जगह पेड़ उखड़ गए और 200 से अधिक उड़ानें विलंबित हुईं।

बारिश के कारण भूस्खलन के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। शनिवार को भी सामान्यतया बादल छाए रहने और हल्की वर्षा का पूर्वानुमान है। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने और 20 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है।

गन्ने और जायद की फसल के लिए अच्छी है ये बारिश

बारिश को गन्ने और जायद की फसल के लिए अच्छा बताया जा रहा है। तोरई, खीरा और ककड़ी के लिए भी लाभकारी है।वरिष्ठ मौसम विज्ञानी आरके जेनामणि ने बताया कि अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से मिलने वाली नमी और हवा के मिलने पर ऐसा हुआ। इसी तरह मूसलधार वर्षा एक साथ कई मौसमी प्रणालियों के कारण हुई, जिससे आंधी-तूफान की स्थिति बनी।

स्काईमेट वेदर के मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया, जिससे नमी का स्तर तेजी से बढ़ा। इससे गरज के साथ बादल बनने लगे, जो मानसून से पहले की एक आम विशेषता है। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं आमतौर पर सुबह या देर शाम के समय होती हैं।

दिल्ली में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड

दिल्ली में शुक्रवार सुबह पांच बजे से शुरू हुआ आंधी व वर्षा का दौर आठ बजे तक चला। महज तीन घंटे के दौरान 77.0 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। आंधी की रफ्तार 80 किमी प्रति घंटे तक रही। 1901 से 2025 तक यह मई में 24 घंटे की दूसरी सर्वाधिक वर्षा है। इससे पहले 20 मई 2021 को 119.3 मिमी वर्षा हुई थी, जो ऑल टाइम रिकार्ड भी है। विभिन्न इलाकों में ओलावृष्टि भी देखने को मिली।

पश्चिम उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बाद शुक्रवार सुबह तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने मौसम को पूरी तरह से बदल दिया। आंधी के चलते कई घरों के टीनशेड उड़ गए। उन किसानों को मायूसी हाथ लगी है, जिनके गेहूं सूखने के लिए खेतों में पड़े थे। तेज बरसात में गेहूं भीग गए हैं, जिससे उनके खराब होने की संभावना है। आंधी में फंसी ट्राली के पलटने से धौलपुर के एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। फिरोजाबाद में बिजली गिरने से दो लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलसा है। एटा में एक किशोरी की मृत्यु हुई है, जबकि दूसरी झुलसी है।

बिहार में सीएम का हेलीकॉप्टर लैंड करते वक्त उड़ा टीन का शेड

राजगीर (नालंदा) में शुक्रवार को लगभग 11 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हेलिकॉप्टर लैंड करते वक्त निकट में एक टीन का शेड हवा में उड़ने लगा। हालांकि कुछ देर में हेलीकॉप्टर सुरक्षित लैंड कर गया तो लोगों ने राहत की सांस ली। नियमानुसार हेलीपैड के आसपास कोई अस्थायी निर्माण या झंडे वगैरह नहीं होने चाहिए, क्योंकि हेलीकॉप्टर के डैने से निकली तेज हवा से वह उड़कर नुकसान पहुंचा सकते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजगीर स्थित स्पो‌र्ट्स एकेडमी में नवनिर्मित खेल सुविधाओं का लोकार्पण करने पहुंचे थे। उनके साथ हेलिकॉप्टर में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी भी थे।

पंजाब में कई जगह वर्षा, मंडियों में गेहूं भीगा

पंजाब में कई जगह आंधी और तूफान से पेड़ गिर गए। 12 से 14 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वर्षा के कारण मंडियों में खुले में पड़ी गेहूं की फसल भीगने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। हिमाचल में बीते 24 घंटों के दौरान तूफान व ओलावृष्टि से कई स्थानों पर पेड़ गिर गए तो कई ढारों की छतें उड़ गईं। सोलन में नौ वर्ष बाद मई में सबसे अधिक वर्षा हुई। ऊंची चोटियों पर हिमपात और निचले स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ वर्षा हुई।

श्रीनगर में तेज आंधी में डल झील में दो शिकारे पलटे

कश्मीर में शुक्रवार शाम मूसलधार बारिश और तेज हवा के चलते दो शिकारा डल झील में पलट गए। हादसे में पिता-पुत्र सहित पांच लोग डल में ही गिर गए। चार लोगों को बचा लिया है। एक लापता है। डल में डूबे तौसीफ को खोजने के लिए एसडीआरएफ के जवानों ने बचाव अभियान चला रखा है। पहाड़ों पर तेज बारिश के कारण दरिया चिनाब में जलस्तर तेजी से बढ़ा है। अखनूर में गर्मियों में 25 फीट के आसपास रहने वाला जल स्तर शुक्रवार 32 फीट तक पहुंच गया।

हवाई यातायात भी प्रभावित

आंधी-तूफान और वर्षा के असर से हवाई यातायात भी प्रभावित रहा। इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर आगमन से जुड़ी 50 प्रतिशत और प्रस्थान से जुड़ी 82 प्रतिशत उड़ानें विलंबित हुईं। इस दौरान औसतन आधे से दो घंटे का विलंब आम रहा। श्रीनगर एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान सेवा की दो उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। उन्हें क्रमश: चंडीगढ़ और दिल्ली की ओर मोड़ दिया गया।

Categories: Hindi News, National News

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एक्टिव हुआ निर्वाचन आयोग, 13 जिलों में होने लगी EVM और VVPAT की जांच शुरू

Dainik Jagran - May 2, 2025 - 10:51pm

राज्य ब्यूरो, पटना। विधानसभा चुनाव को लेकर 13 जिलों में वेबकास्टिंग के साथ ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू हो गई।

चुनाव आयोग ने 30 जून तक एफएलसी का काम पूरा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस काम 200 से अधिक इंजीनियरों और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तैनात दर्जनों अधिकारियों लगाया गया है। जांच का काम सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया जा रहा है।

आयोग के अधिकारियों के अनुसार ईवीएम मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच एक ऐसी जटिल प्रक्रिया है जिसके कारण इसको मिनी इलेक्शन भी कहा जाता है।

मिटाया जाता है पुराना रिकॉर्ड

प्रथम स्तरीय जांच में सभी पुराने सभी रिकॉर्ड को मिटाया जाता है। ईवीएम पर लगे स्लिप को हटाया जाता है, बैलेट पेपर जिस पर नाम पता और चुनाव चिह्न अंकित रहता है उसको हटाया जाता है। साथ ही ग्रीन स्टिकर और टैग को भी हटा दिया जाता है।

इसके बाद कंट्रोल यूनिट के आंकड़ों को मिटाने के पहले एक और प्रक्रिया की जाती है। यह जांच किया जाता है कि किसी बूथ के ईवीएम को लेकर मतदान और मतगणना में कोर्ट केस तो नहीं किया गया है।

अगर किसी चुनाव परिणाम में कोर्ट केस किया गया है, उसके पहले आयोग की ओर से अपील करके यह निर्धारित करा लिया जाता है कि इवीएम को लेकर कोई केस नहीं है। इसके साथ ही प्री-एफएलसी किया जाता है जिसमें ईवीएम मशीन के अंदर के सभी सर्किट, बैट्री सहित उसके फंक्शन की जांच की जाती है।

इसके अलावा वीवीपैट के अंदर के सभी पुराने स्लिप को हटा कर डमी पेपर डाल दिया जाता है। इन सभी प्रक्रियाओं को करने के बाद शुरू होती है अंतिम जांच की प्रक्रिया।

इसमें ईवीएम जांच के बाद पांच प्रतिशत ईवीएम को राजनीतिक दलों की उपस्थिति में जांच की जाती है। कुल जिले की मशीनों में से पांच प्रतिशत मशीनों को रैंडम तरीके से अलग करके उसमें वोटिंग करके जांच की जाती है। जिससे यह पता चल सके की मशीन फूलप्रूव हो चुकी है।

डाले जाते हैं वोट

इसके लिए पांच प्रतिशत मशीनों में से एक प्रतिशत ईवीएम में 1200 वोट डालकर जांच किया जाता है, जबकि शेष चार प्रतिशत ईवीएम में दो प्रतिशत ईवीएम में 1000 वोट और दो प्रतिशत में 500 वोट का मतदान कर जांच किया जाता है।

इसके बाद एक और जांच की जाती है, जिसमें एक कंट्रोल यूनिट में चार बैलेट यूनिट को जोड़कर मतदान किया जाता है। यह प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूरी की जाती है। साथ ही जांच की गई मशीनों की लिस्ट राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सौंपी जाती है।

यह भी पढ़ें-

बिहार विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के बीच आयोग ने बताया तैयारी का समय, तीन साल वालों की मांगी लिस्ट

भागलपुर के किसानों के लिए खुशखबरी! 2 एकड़ में खुलेगा सब्जी मार्केटिंग सेंटर, जमीन की तलाश शुरू

Categories: Bihar News

Bihar Postal Service: दिल्ली के लिए रेल, हवाई के बाद अब सड़क मार्ग से भी जुड़ा बिहार डाक सेवा

Dainik Jagran - May 2, 2025 - 10:04pm

जागरण संवाददाता, पटना। नई दिल्ली के लिए बिहार डाक सर्किल ट्रेन, हवाई संपर्क के साथ-साथ सड़क मार्ग से भी सीधे रजिस्ट्रर्ड पार्सल को तय समय में सस्ते दर पर डिलेवर करेगा। इसके लिए अब बिहार डाक सर्किल ने नई दिल्ली के लिए वाया प्रयागराज, लखनऊ, बरेली के रास्ते सामग्री भेजे जाएंगे।

शुक्रवार को बिहार डाक सर्किल के मुख्य डाक महाध्यक्ष एमयू अबदाली ने पटना-नई दिल्ली आरटीएन सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया।

कौन-कौन मौजूद रहा?

इस मौके पर सीजीएम पार्सल निदेशालय अदनान अहमद, निदेशक डाक सेवाएं पवन कुमार, वरीय अधीक्षक पीटी प्रमंडल राजदेव प्रसाद, मुख्य डाकपाल जीपीओ रंजय कुमार सिंह, वरीय अधीक्षक मनीष कुमार, सहायक निदेशक (मेल्स) सर्किल कार्यालय अशोक प्रसाद, सहायक निदेशक (बीडी) सर्किल कार्यालय पटना नवीन कुमार, अधीक्षक पटना साहिब प्रमंडल अनिल कुमार भी थे।

वरीय अधीक्षक पीटी प्रमंडल राजदेव प्रसाद ने बताया कि पटना से दिल्ली वाया प्रयागराज, लखनऊ, बरेली सामग्री भेजे जाएंगे। हर दिन 10 टन कैपिसिटी माल जा सकेंगे।

इसमें रजिस्टर्ड पार्सल व बिजनेस पार्सल भेजने की सुविधा होगी। ग्राहकाें के बल्क सामानों के बुकिंग के 72 घंटे में नई दिल्ली में पार्सल को डिलेवर किया जा सकेगा। यह स्पीड पोस्ट से सस्ता होगा।

इस सेवा के शुरू होने से पटना से दिल्ली के बीच आने वाले सभी प्रमुख शहरों तक डाक विभाग की पहुंच सुगम बनाएगा। यह आरटीएन सेवा ग्राहकों द्वारा प्रयागराज, लखनऊ एवं बरेली को भेजे जाने वाले पार्सल को बहुत ही कम समय में पहुंचाने का काम करेगा।

इस सेवा के तहत हम डाक को अपने गंतव्य शहर तक अपेक्षाकृत कम समय में पहुंचा सकेंगे। इस सेवा के शुरू होने पर बिहार डाक परिमंडल और पार्सल हब पटना के कर्मचारियों ने हर्ष जताया।

ये भी पढ़ें- भागलपुर के किसानों के लिए खुशखबरी! 2 एकड़ में खुलेगा सब्जी मार्केटिंग सेंटर, जमीन की तलाश शुरू

Categories: Bihar News

Pages

Subscribe to Bihar Chamber of Commerce & Industries aggregator

  Udhyog Mitra, Bihar   Trade Mark Registration   Bihar : Facts & Views   Trade Fair  


  Invest Bihar