Feed aggregator

Patna Airport: आज रात से इतिहास बन गया पटना एयरपोर्ट का पुराना टर्मिनल, मुख्य सचिव ने दिए थे निर्देश

Dainik Jagran - June 3, 2025 - 8:52am

जागरण संवाददाता, पटना। आज रात से पटना का जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट का पुराना टर्मिनल इतिहास बन गया है। आज रात से पुराना टर्मिनल बंद हो गया और नया टर्मिनल पूरी तरह से काम करने लगा है।

कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ एस सिद्धार्थ ने अधिकारियों के साथ नए टर्मिनल का निरीक्षण किया और इसे सोमवार की आधी रात के बाद से शुरू करने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही पुराना टर्मिनल पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे नए टर्मिनल पर पहले विमान इंडिगो के लैंड करने की बात कही जा रही थी।

यह विमान बैंगलोर से आएगी। इस मौके पर मौजूद शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक करके उन्होंने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

Categories: Bihar News

Bihar News: बिहार के खिलाड़ियों के लिए बन रही योगासन योजना, इसमें क्या होगा खास?

Dainik Jagran - June 3, 2025 - 8:48am

जागरण संवाददाता, पटना। विश्व प्रसिद्ध बिहार योग विद्यालय विश्व योग पीठ, मुंगेर के परमाचार्य योगगुरु पद्मभूषण स्वामी निरंजनानंद जी बिहार के खिलाड़ियों के लिए समुचित और उपयोगी योग के आसनों की एक योजना तैयार कर रहे हैं। 

इस बात की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि कल मुंगेर में परमाचार्य स्वामी निरंजनानंद जी के साथ मुलाकात में उन्होंने बिहार के खिलाड़ियों के लिए ऐसी योजना तैयार करने के लिए स्वामी जी से विशेष अनुरोध किया था। 

जिसको स्वामी जी ने सहर्ष स्वीकार कर लिया है और आसनों की एक व्यापक योजना तैयार कर रहे हैं जिनमें खिलाड़ियों के हित में इन बातों का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि

  1. कौन सा आसन किस खेल में मदद करेगा।
  2. कौन सा प्राणायाम खिलाड़ी को खेल से पहले  और खेल के दौरान प्रतिस्पर्धा की चिंता से राहत दिलाने में मदद करेगा।
  3. मासिक धर्म के दौरान महिला खिलाड़ियों के लिए कुछ विशेष आसन।
  4. खेल में हार के बाद शारीरिक और मानसिक रुप से वापसी में सहायक योगासन। 

आगे शंकरण ने बताया कि  योग और खेलकूद को मिलाकर प्रदर्शन को बेहतर बनाने वाला पहला राज्य होगा बिहार और यह काम स्वामी जी के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित संस्थान बिहार स्कूल ऑफ योगा, मुंगेर द्वारा किया जाएगा।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण में 16 से 21 जून तक विशेष योग सप्ताह मनाया जाएगा

21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण में 16 से 21 जून तक स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से खिलाड़ियों के लिए विशेष योग सप्ताह मनाया जा रहा है।

इस दौरान ही परमाचार्य स्वामी निरंजनानंद जी के द्वारा तैयार योजना के अनुसार बिहार के खिलाड़ियों को योग अभ्यास करने का अवसर मिलेगा। 

बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के सहयोग इन योगासनों से संबंधित एक उच्चस्तरीय वीडियो बनाने की योजना है, जिसके लिंक को क्लिक कर देश भर के खिलाड़ी अपनी बेहतरी के लिए इसका लाभ उठा सकेंगे।

Categories: Bihar News

Bihar News: संवरने लगी राजगीर क्रिकेट स्टेडियम की सूरत, लाल मिट्टी से 6 पिच बनकर तैयार

Dainik Jagran - June 3, 2025 - 8:42am

जागरण संवाददाता, पटना। राजगीर में अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तैयार किया जा रहा है।

कार्यकारी एजेन्सी के द्वारा प्रजेंटेशन के माध्यम से क्रिकेट पिच, आउटफील्ड, हाई मास्ट लाइट, स्कोर बोर्ड लगाने, पवेलियन में चल रहे फिनिशिंग कार्य, साउंड सिस्टम, वाटर सप्लाई, फायर अलार्म, फायर फाइटिंग समेत अन्य सभी पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। 

स्टेडियम में लाल मिट्टी से बनाई जा रही 6 क्रिकेट पिच का कार्य पूरा

स्टेडियम में लाल मिट्टी से बनाई जा रही 6 क्रिकेट पिच का कार्य पूरा हो गया है। पिच पर घास लगाने का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।

मोकामा से लाई गई काली मिट्टी से 7 क्रिकेट पिच बनाई गई है। पिच पर घास लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

इसके अलावा जनरल स्टैंड ईस्ट, जनरल स्टैंड वेस्ट तथा रिवर्स पवेलियन का सिविल वर्क भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।

सिविल वर्क के साथ ही फिनिशिंग वर्क भी किया जा रहा है। क्रिकेट स्टेडियम में मेन पवेलियन के  कार्य पूरा कर लिया गया है। 

एजेन्सी ने आश्वासन दिया है कि अगले दो महीने में क्रिकेट स्टेडियम को मैच के लिए तैयार कर लिया जाएगा। विभाग के सचिव श्री कुमार रवि ने एजेन्सी को टाइमलाइन का पालन करते हुए कार्य पूर्ण करने का निदेश दिया। 

उन्होंने कहा कि सभी मानकों को ध्यान में रखकर कार्य पूर्ण किया जाय। किसी भी तरह की लापरवाही न हो। फिल्ड पर घास लगाने का कार्य शुरू हो गया है, जिसे जल्द पूर्ण करने के लिए निदेशित किया गया है।

बारिश के मौसम में मैदान से पानी निकासी हेतु ड्रेनेज प्रणाली विकसित की गई है। मैदान के बाहरी एरिया को विकसित करने के लिए समुचित निदेश दिया गया।

क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण 72843 वर्गमीटर भूखण्ड पर किया जा रहा है जिसमें 40,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी।

स्टेडियम अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिसमें खिलाड़ियों के लिए विशेष पवेलियन, कोच और मैनेजर के लिए बैठने की विशिष्ट व्यवस्था, वीवीआईपी अतिथियों के लिए विशेष स्टैंड शामिल होगा।

इसके निर्माण होने के उपरांत राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन के साथ-साथ स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं मिल सकेंगी। बिहार में क्रिकेट के विकास के लिए यह स्टेडियम मील का पत्थर साबित होगा।

Categories: Bihar News

Patna News: पटना में इस रूट पर जाम की समस्या हो जाएगी खत्म! डबल डेकर फ्लाईओवर बनकर तैयार

Dainik Jagran - June 3, 2025 - 8:18am

जागरण संवाददाता, पटना। कारगिल चौक से पटना साइंस कॉलेज के बीच डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। रात में रोशनी से नहाए फ्लाईओवर की खूबसूरती देखते ही बनती है।

कुल 2.2 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर के उद्घाटन का इंतजार हो रहा है। अब जल्द ही इसका लोकार्पण होने की उम्मीद है।

दो लेन वाला यह फ्लाईओवर 65 पिलरों पर टिका है। कुल 422 करोड़ की लागत से निर्मित इस फ्लाईओवर से अशोक राजपथ क्षेत्र में आवागमन में सुविधा मिलेगी।

हमेशा जाम रहने वाले अशोक राजपथ पर गाड़ियां निर्बाध दौड़ेंगी। इसका शिलान्यास चार सितंबर 2021 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। करीब चार वर्षों में यह बनकर तैयार हुआ है।

जुलाई अंत तक मंदिरी नाला बन जाएगा सड़क

उधर, पटना के मंदिरी नाले काे पाटकर सड़क निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। 1289 मीटर लंबे नाले में से 1200 मीटर नाले को ढक्कने का कार्य पूर्ण हो गया है।

इसका निर्माण पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की तरफ से कराई जा रही है। जुलाई माह के अंत तक इस रोड पर यातायात परिचालन शुरू कराने की तैयारी है।

इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद तीन लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा। उत्तरी मंदिरी, दक्षिणी मंदिरी, बापू नगर, चीनाकोठी, क्रश्चियन कालोनी की सहित कई मोहल्ले की तस्वीर बदल जाएगी।

वार्ड संख्या 21, 24, 25, 26 और 27 को के निवासी भी लाभांवित होंगे। शहर के केंद्रीय क्षेत्रों में यातायात की समस्या को कम करने में मदद करेगी।

अब मंदिरी नाला को पार करने के लिए बने पुल-पुलिया को तोड़कर नाले को ढक्कने का काम करना है। इसके समानोंतर में एक ड्रेनेज का भी निर्माण हो रहा है।

नाले को ढक्कर सड़क निर्माण पर 86.98 करोड़ रुपये खर्च होने जा रहा है। इसमें सड़क के नीचे एक ट्विन बैरल आरसीसी बाक्स ड्रेन का निर्माण किया जा रहा है।

सड़क की चौड़ाई 11 मीटर होगी, जिसमें प्रत्येक दिशा में 5.5 मीटर की दो लेन होंगी। साथ ही, सर्विस ड्रेन, सर्विस रोड यूटिलिटी डक्ट, स्ट्रीटलाइट्स, लैंडस्केपिंग और 3.5 मीटर चौड़ी सर्विस लेन भी बनाई जा रही है।

इसके निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद नेहरुपथ और अशोक राजपथ के बीच यातायात सुगम बन जाएगा। आयकर गोलंबर से सिद्धेश्वरी काली मंदिर तक सड़क निर्माण हो रहा है। नेहरुपथ से अशोक राजपथ सीधे कनेक्टि हो जाएगा तथा फ्रेजरोड और बुद्ध मार्ग पर वाहनों का दबाव घट जाएगा।

Categories: Bihar News

रांची में प्लेन से टकराया पक्षी, आखिर में पायलट की सूझ-बूझ से बाल-बाल बचे पटना से जाने वाले 175 यात्री

Dainik Jagran - June 3, 2025 - 8:13am

जागरण संवाददाता, रांची/पटना। पटना से रांची आने वाला इंडिगो का विमान सोमवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लगभग 16 किलोमीटर दूर बर्ड हिट का शिकार हुआ।

विमान में लगभग 175 यात्री सवार थे। जानकारी के अनुसार, दशम फाल व हेथू के बीच विमान के एयरपोर्ट पर लैंड करने से पहले बर्ड हिट की घटना हुई।

इसके बाद लगभग 40 मिनट तक विमान आसमान में मंडराता रहा। एयरपोर्ट निदेशक आरआर मौर्या ने बताया कि पायलट ने अपनी सूझ-बूझ से लगभग एक बजकर 14 मिनट पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमान को सुरक्षित उतारा।

इसके बाद विमान में सवार यात्रियों ने राहत की सांस ली। विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान की तस्वीर देख यह स्पष्ट है कि विमान के अगले हिस्से में पक्षी के टकराने से काकपिट की ऊपरी सतह पर दरार आ चुकी है।

विमान में क्या तकनीकी खराबी आई? अब होगी जांच

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, दशम फाल व हेथू के बीच कुछ ऐसे भोज्य पदार्थ होंगे, जिसे देख पक्षी उस क्षेत्र में मंडरा रहे होंगे।

एयरपोर्ट निदेशक आरआर मौर्य ने बताया कि बर्ड हिट की घटना के बाद अभियंताओं की टीम विमान की जांच कर रही है। विमान को ग्राउंडेड कर दिया गया है।

जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विमान में क्या तकनीकी खराबी आई है। रांची से पटना के लिए उड़ान भरने वाले विमान (6ई 925) को रद कर दिया गया।

विमान में आई तकनीकी खराबी की मरम्मत होने के बाद डीजीसीए से स्वीकृति मिलने के बाद ही संबंधित विमान को उड़ान भरने की अनुमति प्रदान की जाएगी। इंडिगो के विमान से पटना जाने वाले सभी यात्रियों का टिकट रद कर दिया गया है।

Categories: Bihar News

Bihar Weather: बिहार के 7 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट, वज्रपात को लेकर सावधान रहने की अपील; पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

Dainik Jagran - June 3, 2025 - 7:42am

जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी समेत प्रदेश के अधिसंख्य भागों का मौसम शुष्क बना रहेगा। आंशिक बादल छाए रहने के साथ उमस का प्रभाव बना रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सात जिलों शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया के एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और आंधी पानी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन स्थानों पर 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। तीन से चार दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री वृद्धि के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार छह जून से प्रदेश के मौसम में बदलाव के आसार हैं।

छह से आठ जून के दौरान प्रदेश के अधिसंख्य भागों में उष्ण दिन (गर्म दिन) रहने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

बीते 24 घंटों के दौरान किशनगंज, अररिया, मधुबनी, गया, सीतामढ़ी, सुपौल, कटिहार, भागलपुर, मधुबनी के अलग-अलग स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई।

मधुबनी के अंधराथाड़ी में सर्वाधिक वर्षा 60.2 मिमी दर्ज की गई। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस जबकि 40.2 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी, बक्सर एवं भोजपुर सबसे गर्म रहा।

सोमवार को डेहरी, गया, नालंदा, फारबिसगंज, किशनगंज, छपरा, सासाराम, वाल्मीकि नगर को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

इन जगहों पर दर्ज की गई वर्षा

स्थान- वर्षा (मिमी में)

अररिया के नरपतगंज -60

किशनगंज के तैबपुर -50.8

मधुबनी के राजनगर -45

झंझारपुर -45

गया के मोहनपुर -35

खगड़िया के मानसी-34.6

कटिहार के बरसोई -32.8

फारबिसगंज -31.6

सुपौल के राघोपुर -26.4

किशनगंज के दिघलबैंक -26.2

पूर्णिया के भवानीपुर- 21.8

भागलपुर के बीहपुर -21.4

मधेपुरा के चौसा -16.8

Categories: Bihar News

Pages

Subscribe to Bihar Chamber of Commerce & Industries aggregator

  Udhyog Mitra, Bihar   Trade Mark Registration   Bihar : Facts & Views   Trade Fair  


  Invest Bihar