Feed aggregator

Bihar Jobs 2025: इस साल मिलेंगी 2 लाख और नौकरियां, स्वास्थ्य विभाग में 40 हजार बहाली; तैयार रहें युवा

Dainik Jagran - March 18, 2025 - 6:51pm

राज्य ब्यूरो, पटना। नीतीश सरकार ने पिछले पांच सालों में दस लाख नियुक्तियां की हैं। इस साल के अंत तक दो लाख और नौकरियां देने का लक्ष्य है। इसमें सिर्फ स्वास्थ्य विभाग की करीब 40 हजार बहाली होगी। विधान परिषद में मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने सर्वेश कुमार एवं डॉ. उर्मिला ठाकुर के तारांकित प्रश्रों के उत्तर में सदन को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से 17 हजार से अधिक नर्सों की बहाली के लिए अधियाचना भेजी गई थी जिसके विरुद्ध विज्ञापन भी प्रकाशित हो गया है। जीएनएम की नियुक्ति के लिए भी एक सप्ताह के अंदर विज्ञापन प्रकाशित होने की उम्मीद है।

विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी के 3623 पदों पर होगी नियुक्ति

डॉक्टरों की कमी पूरी करने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी के 3623, सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी के 667 और दंत चिकित्सक के 808 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना बिहार तकनीकी सेवा आयोग की भेजी गई है।

सौरभ कुमार के तारांकित प्रश्न के उत्तर में स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य में एक करोड़ 55 लाख परिवार को आयुष्मान कार्ड की सुविधा मिली है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री स्वास्थ्य चिकित्सा सहायता योजना के तहत इस वित्तीय वर्ष में सवा दो सौ करोड़ की सहयोग राशि गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को उपलब्ध कराई गई है।

महेश्वर सिंह के प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने बताया कि वर्तमान में राज्य के सौ अस्पतालों में फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) कार्यरत हैं। यहां सिजेरियन की भी सुविधा उपलब्ध है, जिसके लिए 70 विशेषज्ञों को प्रतिनियुक्त किया गया है। राज्य के 56 अस्पतालों में रात्रिकाल में भी सिजेरियन प्रसव की भी सुविधा प्रदान की जा रही है।

लिंगानुपात पर क्या बोले मंत्री?

लिंगानुपात से जुड़े प्रश्न पर मंत्री ने बताया कि यह चिंताजनक है। राज्य के एक दर्जन जिलों में लिंगानुपात 900 से अधिक है। इसमें सुधार के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।

प्रसव पूर्व जांच में बिहार फरवरी में देश में चौथे स्थान पर रहा

मां और शिशु स्वास्थ्य का स्वास्थ्य बेहतर रहे इसके लिए चलाए जा रहे प्रधानमंत्री मातृत्व अभियान के संचालन में बिहार ने सामूहिक प्रयासों व अपने संकल्प से बेहतर कार्य किए हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, फरवरी महीने में प्रसव जांच में बिहार ने देश भर में चौथा स्थान प्राप्त किया है। फरवरी में राज्य में दूसरी और तीसरी तिमाही वाली कुल 24173 गर्भवतियों की जांच अभियान के तहत की गई।

बता दें कि हर महीने नौ और 21 तारीख को आयोजित होने वाले इस अभियान में बिहार अगस्त, सिंतबर 2017 में पहले स्थान जबकि जून 2022 और अगस्त 2024 में देश के शीर्ष दो राज्यों में अपनी जगह बना चुका है। इस कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की थी।

जिसके तहत हर महीने नौ और 21 तारीख को स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेषज्ञ डॉक्टर गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन, एचआइवी, शुगर, अल्ट्रासाउंड की जांच करते हैं। आवश्यकता पर गर्भवती महिलाओं को उच्चतर स्वास्थ्य केंद्रो में रेफर भी किया जाता है। राज्य में प्रसव पूर्व जांच के प्रति लोगों में सतर्कता पहले की अपेक्षा काफी बढ़ी है। प्रसव पूर्व जांच से गर्भवती और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे के बारे में पूरी जानकारी मिलती है।

ये भी पढ़ें- BPSC Bharti 2025: राजस्व विभाग में 3559 कर्मचारियों और 402 अमीन की होगी नियुक्ति, पढ़ें पूरी डिटेल

ये भी पढ़ें- Bihar Jobs 2025: युवाओं के लिए गुड न्यूज, सरकार 2473 पदों पर करेगी भर्ती; जल्द निकलेगा नोटिफिकेशन

Categories: Bihar News

Bihar Election 2025: भाजपा के चुनावी गीत में मोदी-नीतीश की जोड़ी पर स्पेशल फोकस, चिराग की भी दिखी झलक

Dainik Jagran - March 18, 2025 - 5:21pm

राज्य ब्यूरो, पटना। भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) के लिए पहला अभियान गीत जारी कर दिया है। इसके वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कई बार दिखाया गया है। एकाध हिस्से में लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के अलावा एनडीए के दूसरे नेताओं की भी झलक है।

पृष्ठभूमि में लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के शासनकाल की झलकियां हैं। बाकी केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां हैं। तीन मिनट 43 सेकंड के अभियान गीत का वीडियो बिहार भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े ने अपने फेसबुक पर शेयर किया है। इसमें भागलपुर की हाल की उस सभा की भी तस्वीर है, जिसमें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने मंच साझा किया था।

अमृतकाल में बदल रहा है बिहार,

फिर एक बार डबल इंजन सरकार।#PhirSeNDASarkar pic.twitter.com/eibVSGkLk3

— Vinod Tawde (@TawdeVinod) March 17, 2025

क्या है गीत का शीर्षक?

गीत का शीर्षक है- चमके बिहार, गमके बिहार, अमृतकाल में दमके बिहार। गीत का भाव यह है कि एनडीए की डबल इंजन सरकार से पहले बिहार बदहाल था। सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य की हालत बहुत खराब थी। डबल इंजन की सरकार आई तो विकास को बढ़ावा मिला। आज राज्य का हर नागरिक खुशहाल है।

'समृद्ध बिहार को लालची लोगों ने उजाड़ दिया...'

बिहार के लोगों से आग्रह किया जा रहा है कि उठिए कि सुबह हो गई है। डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियां शोर मचा रही हैं। उपलब्धियों की चर्चा गांवों से शहर तक, चारों ओर हो रही है। कहा गया है कि समृद्ध बिहार को लालची लोगों ने उजाड़ दिया था, जिसे एनडीए की सरकार ने फिर से संवार दिया है।

गीत में मिथिला के मखाने की भी झलक

साइकिल से स्कूल जाती छात्राओं के वीडियो को इसमें प्राथमिकता दी गई है। उज्जवला योजना की लाभार्थी महिलाएं भी इसमें दिखाई गई हैं। चमचमाती सड़कें और नदियों पर बने बड़े पुलाें को भी दिखाया गया है। मिथिला के मखाना की भी झलक है।

वीडियो में दिख रहे जायसवाल, सम्राट और विजय सिन्हा
  • एयरपोर्ट, मेट्रो और आइआइटी की स्थापना को डबल इंजन की सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में चित्रित किया गया है।
  • बीजेपी के चुनावी गीत में जीविका के माध्यम से महिलाओं में आई समृद्धि की चर्चा है।
  • बिहार भाजपा के नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को कई बार दिखाया गया है।

ये भी पढ़ें- Prashant Kishor: प्रशांत किशोर को झटका, अब इस कद्दावर नेता ने छोड़ा साथ; जन सुराज से दिया इस्तीफा

ये भी पढ़ें- Bihar: निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री का JDU में विरोध, MLC ने लालू से कर दी CM नीतीश की तुलना

Categories: Bihar News

Pages

Subscribe to Bihar Chamber of Commerce & Industries aggregator

  Udhyog Mitra, Bihar   Trade Mark Registration   Bihar : Facts & Views   Trade Fair  


  Invest Bihar