Bihar News

मंदिर से गहने चुराकर Girlfriend को किए गिफ्ट... फिर प्रेमिका ने भी कर दिया गजब का काम; मामला जान चौंक जाएंगे आप

Dainik Jagran - February 2, 2024 - 3:00pm

संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ। फुलवारी शरीफ के प्रखंड परिसर शिव मंदिर और दुर्गा मंदिर से कैश और देवी मां के गहने को चुराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी किए गए सामान को भी बरामद कर लिया गया है। चोर ने समान चुराकर अपनी गर्लफ्रेंड को गिफ्ट कर दिया था।

पुलिस ने गिफ्ट लेने वाली को भी गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, पिछली 2 जनवरी को दो मंदिर से चोरों ने दान पेटी के रुपये और गहने चुरा लिए थे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो एक युवक की पहचान हुई।

पूछताछ में हुआ खुलासा...

चोरी की दोनों घटनाओं को राजू कुमार निवासी मंझौली पिपरा पटना ने अंजाम दिया। पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की, तब मालूम चला कि उसने चोरी किए गए सामान को अपनी गर्लफ्रेंड ममता पाटलिपूत्रा स्टेशन निवासी को दे दिया।

पुलिस ने ममता को जब गिरफ्तार कर पूछताछ की तब उसने बताया कि उसने जेवरात को आगे बेच दिया है। पुलिस ने ममता को भी गिरफ्तार करते हुए कांड का खुलासा कर दिया। डीएसपी फुलवारी शरीफ विक्रम सिहाग ने बताया कि ममता को जेल भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें- Patna Metro Rail Update: राजेंद्रनगर होगा सबसे गहरा मेट्रो स्टेशन, 21 मीटर नीचे होगा प्लेटफॉर्म

ये भी पढ़ें- स्कॉर्पियो में आपत्तिजनक हालत में मिले युवक-युवती, ट्रैफिक पुलिस ने काट दिया इतने रुपये का चालान

Categories: Bihar News

Interim Budget 2024: बिहार में 100 स्टार्टअप कंपनियों को इस बजट से होने वाला है बड़ा फायदा, टैक्स में मिलेगी इतनी छूट; ये है डिटेल

Dainik Jagran - February 2, 2024 - 2:31pm

राज्य ब्यूरो, पटना। Interim Budget 2024 केंद्र के अंतरिम बजट में स्टार्टअप (Startup Company) कंपनियों के लिए तीन साल के कर छूट का फायदा बिहार में सर्विस व उत्पादन में लगी लगभग एक सौ कंपनियों को होगा। यह लाभ 81-सी के तहत डिपार्टमेंट ऑफ प्रमोशन आफ इंडस्ट्री एंड इंटरनल ट्रेड (डीपीआईआईटी) में निबंधित स्टार्टअप यूनिटों को मिलेगा।

अभी दो साल के लिए कर में छूट का था प्रविधान

वर्तमान में यह प्रविधान था कि कोई भी स्टार्टअप कंपनी अपने दस साल के कामकाज में दो साल का कर छूट ले सकती थी। अंतिरम बजट में यह व्यवस्था की गयी है कि अब दस साल काम करने वाली कंपनी अपने किसी भी तीन साल के कामकाज में कर छूट का लाभ ले सकती है।

छूट की व्यवस्था अगले वर्ष खत्म होने वाली थी पर इसे एक साल के लिए और बढ़ा दिया गया है। इसका फायदा बिहार की स्टार्टअप यूनिटों से अधिक पश्चिम के राज्यों में बड़ी संख्या में आ रही स्टार्ट अप यूनिटों को विशेष रूप से मिलेगा। इसका फायद सभी स्टार्टअप कंपनियों को मिलेगा।

वर्तमान में चार प्रतिशत की सामान्य दर पर है फंडिंग

स्टार्टअप से जुड़ी यूनिटों का कहना है कि उन्हें वर्तमान में चार प्रतिशत की सामान्य दर पर फंडिंग है। अगर तीन साल के लिए कर छूट मिल जाती है तो इसका लाभ हमें फंडिंग के माध्यम से आयी राशि को वापस करने में मिलेगी।

कारपास फंड से किसे कितनी राशि मिलेगी यह स्पष्ट नहीं

यह बात सामने आयी है कि केंद्र सरकार स्टार्ट यूनिटों के लिए एक लाख करोड़ रुपए का कारपस फंड बना रही। यह कहा जा रहा कि इसके माध्यम से मिनिमम व जीरो स्तर की कंपनियाें को राशि मिलेगी पर अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि मिनिमम व जीरो का दायरा क्या होगा।

बिहार में उत्पादन से अधिक सर्विस सेक्टर में हैं स्टार्टअप कंपनियां

बिहार में स्टार्टअप यूनिटों की यह स्थिति है कि यहां वैसी यूनिटें अधिक हैं जो सर्विस सेक्टर में काम कर रहीं। उत्पादन के क्षेत्र में काम करने वाली यूनिट कम हैं। पर कर छूट का लाभ सभी श्रेणी के कंपनियाें के लिए है।

यह भी पढ़ें-

Jharkhand Politics: हेमंत सोरेन की मुश्किलें और बढ़ीं, 5 दिन के लिए ED की रिमांड में भेजे गए पूर्व CM; सख्ती से होगी पूछताछ

BPSC Teacher Result: SC और ST शिक्षकों व हेडमास्टर का पूरक परिणाम जारी, 700 से अधिक अभ्यर्थी सफल; यहां चेक करें रिजल्ट

Categories: Bihar News

Patna Metro Rail Update: राजेंद्रनगर होगा सबसे गहरा मेट्रो स्टेशन, 21 मीटर नीचे होगा प्लेटफॉर्म

Dainik Jagran - February 2, 2024 - 2:31pm

राज्य ब्यूरो, पटना। पटना मेट्रो रेल का सबसे गहरा मेट्रो स्टेशन राजेंद्रनगर होगा। यहां 21 मीटर नीचे से मेट्रो रेल गुजरेगी। इसका कारण राजेंद्रनगर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाला रेलवे ट्रैक है। नियमानुसार, रेलवे लाइन से न्यूनतम 15 मीटर नीचे ही सुरंग का निर्माण हो सकता है। रेल की पटरियों और सुरंग के बीच 15 मीटर का कुशन (मिट्टी की परत) जरूरी है। इसी कारण राजेंद्रनगर स्टेशन के पास बन रहा मेट्रो स्टेशन 21 मीटर गहरा होगा।

प्राय: पटना मेट्रो के भूमिगत रेलवे स्टेशन करीब 16 मीटर नीचे बनाए जा रहे हैं। राजेंद्रनगर मेट्रो स्टेशन विशेष मेट्रो स्टेशन होगा, क्योंकि यह रेलवे टर्मिनल से जुड़ा होगा। इस मेट्रो स्टेशन से लोग आसानी से राजेंद्रनगर रेलवे टर्मिनल से ट्रेन भी पकड़ सकेंगे। यह मेट्रो स्टेशन कंकड़बाग मेन रोड और राजेंद्रनगर रेलवे स्टेशन की पार्किंग के नीचे बनाया जा रहा है। पूर्व मध्य रेलवे के साथ समन्वय के बाद मेट्रो स्टेशन का डिजाइन फाइनल किया गया है।

मेट्रो स्टेशन के दो प्रवेश द्वार होंगे जिनमें एक राजेंद्रनगर रेलवे परिसर और दूसरा सड़क की दूसरी ओर कालेज आफ कामर्स के पास होगा। राजेंद्रनगर मेट्रो स्टेशन नए बस स्टैंड आइएसबीटी से वाया मलाही पकड़ी, पटना जंक्शन तक बन रहे कोरिडोर-दो का हिस्सा है। इस कोरिडोर में 12 मेट्रो स्टेशन हैं, जिनमें सात भूमिगत जबकि पांच एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन बनाए जा रहे हैं। सबसे पहले इसी कोरिडोर-दो में पटना मेट्रो रेल शुरू होने की संभावना है।

सभी मेट्रो प्लेटफार्म पर लगेंगे स्क्रीन डोर

पटना मेट्रो स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर सुरक्षा का भी पूरा ख्याल रखा जा रहा है। पटना मेट्रो के सभी प्लेटफार्म पर स्क्रीन डोर की व्यवस्था होगी। यह स्क्रीन डोर पारदर्शी होता है, जो मेट्रो लाइन और प्लेटफार्म के बीच बनाया जाता है। सिर्फ मेट्रो ट्रेन आने पर ही यह स्क्रीन डोर खुलेगी। अन्य समय यह स्क्रीन डोर बंद रहेगी ताकि मेट्रो सुरंग या मेट्रो लाइन पर कोई प्रवेश न कर सके।

मेट्रो स्टेशनों पर दिखेगी बिहार की कलाकृतियां

पटना मेट्रो स्टेशनों पर बिहार की कलाकृतियां भी देखने को मिलेंगी। मेट्रो स्टेशनों को सजाने में मधुबनी पेंटिंग आदि का इस्तेमाल होगा। सभी मेट्रो स्टेशनों पर सीढि़यों के अलावा एस्केलेटर और लिफ्ट की भी व्यवस्था होगी ताकि बुजुर्ग या दिव्यांगों को असुविधा न हो। आगजनी व अन्य आपातकाल में निकास के लिए आपात-द्वार भी बनाए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- Patna Metro: अब कितना बचा है काम? इस समय से पटना में दौड़ेगी मेट्रो ट्रेन, आ गया प्रोजेक्ट को लेकर नया अपडेट

ये भी पढ़ें- Patna Metro Photos : पटना में दौड़ेगी पहली मेट्रो ट्रेन..., आ गई फाइनल डेट; सुरंग की कई तस्वीरें भी आईं सामने

Categories: Bihar News

BPSC Teacher Result: SC और ST शिक्षकों व हेडमास्टर का पूरक परिणाम जारी, 700 से अधिक अभ्यर्थी सफल; यहां चेक करें रिजल्ट

Dainik Jagran - February 2, 2024 - 1:10pm

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार लोक सेवा आयोग ने गुरुवार को अनुसूचित जाति व जनजाति कल्याण विभाग से संचालित मध्य, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों और हेडमास्टर की नियुक्ति के लिए 24 श्रेणियों में पूरक परिणाम जारी कर दिया। कुल 709 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।

सचिव रविभूषण ने बताया कि एससी व एसटी कल्याण विभाग के सभी श्रेणी विद्यालयों के लिए पूरक परिणाम वेबसाइट पर अपलोड है।

शिक्षा विभाग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से संबंधित स्कूलों में नियुक्ति के लिए पूरक परिणाम जारी नहीं करने का आयोग को पत्र प्राप्त हुआ है। इस कारण संबंधित का परिणाम जारी नहीं किया गया है। 

राजनीति विज्ञान में 24 अभ्यर्थी सफल घोषित

मध्य विद्यालय के लिए भाषा में 79, विज्ञान व गणित में 77, सामाजिक विज्ञान में 78 तथा हेडमास्टर के लिए चार अभ्यर्थियों को उत्तीर्ण घोषित किया गया है।

माध्यमिक में कंप्यूटर में 30, हिंदी में 29, अंग्रेजी में 24, गणित में 30, संगीत व कला में 30, शारीरिक शिक्षा में 30 व संस्कृत में 18 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं।

उच्च माध्यमिक में अकाउंटेंसी में 27, समाज विज्ञान 24, वनस्पति विज्ञान में 14, प्राणी विज्ञान में 24, रसायन विज्ञान में आठ, अर्थशास्त्र में 30, अंग्रेजी में 19, हिंदी में 24, इतिहास में 29, गृह विज्ञान में 19, गणित में 24, भौतिकी में 14 व राजनीति विज्ञान में 24 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।

यह भी पढ़ें-

Patna Metro: अब कितना बचा है काम? इस समय से पटना में दौड़ेगी मेट्रो ट्रेन, आ गया प्रोजेक्ट को लेकर नया अपडेट

Bihar Politics: अब 10 के बदले 12 फरवरी को विश्वास मत का प्रस्ताव पेश करेंगे नीतीश कुमार, इस वजह से लिया गया फैसला

Categories: Bihar News

Bihar Crime: डकैती के बाद मॉब लिंचिंग... स्कूल के संचालक को बंधक बनाकर 16 लाख की लूट, भीड़ ने डैकैतों को पीटकर किया अधमरा

Dainik Jagran - February 2, 2024 - 12:35pm

संवाद सूत्र, फुलवारीशरीफ। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक में गुरुवार की देर शाम पांच की संख्या में हथियार से लैस डकैत एक निजी विद्यालय संचालक के घर में घुस गए और लूटपाट करने लगे। स्कूल संचालक मनोज कुमार के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने घर की बिजली आपूर्ति बाधित कर दी।

डकैत भागने लगे, लेकिन अंधेरे में रास्ता भटक गए। दो डकैतों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। वहीं तीन बदमाश भागने में सफल रहे। अपराधियों ने स्कूल संचालक के घर से 12 लाख नकदी और चार लाख का गहना लेकर फरार हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल दोनों बदमाशों को इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया है, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

पिटाई से स्कूल संचालक भी घायल हो गए

वहीं अपराधियों की पिटाई से स्कूल संचालक भी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, खेमनीचक के मंगल चौक के समीप एक मकान में बैंक और ऊपर एक निजी विद्यालय है। उपरी तल्ले पर विद्यालय संचालक मनोज कुमार परिवार वालों के साथ रहते हैं।

गुरुवार की शाम विद्यालय संचालक मनोज कुमार की पत्नी बाजार गई हुईं थीं और उनका बेटा नैतिक बाहर काम से गया हुआ था। इसी दौरान पांच की संख्या में हथियार से लैस डकैत उनके घर में घुस गए और मनोज कुमार को रस्सी से बांध दिया। तीजोरी खोल कर उसमें रखी नकीद एवं सोने के जेवर को बैग में भर लिया।

इसी दौरान उनका मनोज कुमार का पुत्र नैतिक बाहर से आ गया। वह शोर करता हुआ घर से नीचे उतर आया। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गये और सबसे पहले घर की बिजली आपूर्ति बाधित कर दी। अंधेरा होते ही अपराधियों का दल भागने लगा।

तीन डकैती कूदकर भाग निकले, जबकि दो को लोगों ने पकड़ लिया। गिरफ्तार अपराधियों के पास एक लोडेड रिवाल्वर, तीन चाकू बरामद किया। लोगों ने दोनों बदमाशों की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर रामकृष्ण नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों अपराधियों को एनएमसीएच भेजा।

लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों ने मनोज को पीट कर घायल कर दिया था। घायल अपराधियों की पहचान सोनू कुमार और दीपक के रूप में हुई है। दोनों की स्थिति काफी गंभीर है।

विद्यालय संचालक ने पुत्र नैतिक ने बताया कि अपराधी उनके घर से 12 लाख रुपये नकीद और 4 लाख रुपये लेकर भाग गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

यह भी पढ़ें-


Patna Metro: अब कितना बचा है काम? इस समय से पटना में दौड़ेगी मेट्रो ट्रेन, आ गया प्रोजेक्ट को लेकर नया अपडेट

Bihar Politics: अब 10 के बदले 12 फरवरी को विश्वास मत का प्रस्ताव पेश करेंगे नीतीश कुमार, इस वजह से लिया गया फैसला

Categories: Bihar News

Patna Metro: अब कितना बचा है काम? इस समय से पटना में दौड़ेगी मेट्रो ट्रेन, आ गया प्रोजेक्ट को लेकर नया अपडेट

Dainik Jagran - February 2, 2024 - 12:13pm

राज्य ब्यूरो, पटना। पटना मेट्रो रेल डिपो का काम अगले साल मार्च तक पूरा हो जाएगा। वर्तमान में डिपो का निर्माण कार्य आधे से अधिक हो चुका है। डिपो निर्माण की अनुमानित लागत 143 करोड़ रुपये है।

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सह पटना मेट्रो रेल कारपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संतोष कुमार मल्ल ने गुरुवार को बैरिया में नए बस स्टैंड के पास बन रहे मेट्रो रेल डिपो का निरीक्षण किया।

इस दौरान अपर सचिव सुनील कुमार यादव के साथ दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) के अधिकारी भी मौजूद रहे। निर्माण एजेंसी ने प्रधान सचिव को बताया कि मेट्रो डिपो की भौतिक प्रगति 52 प्रतिशत हो चुकी है। मार्च, 2025 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है।

संतोष मल्ल ने डिपो में मिट्टी भराव का काम तेज करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही परियोजना की शेष भूमि अधिग्रहण को पूरा करने को लेकर पटना डीएम से भी बात की गई। निर्माण कार्य ससमय पूरा करने का निर्देश निर्माण एजेंसी को दिया गया।

मेट्रो रेल के संचालन में मेट्रो डिपो की सबसे अहम भूमिका होती है। डिपो में ही मेट्रो रेल के ट्रायल से लेकर मेंटेनेंस आदि का काम होता है। मेट्रो रेल की तकनीकी जांच आदि का काम भी डिपो में होता है।

मेट्रो रेल परियोजना के विस्तार की भी समीक्षा

प्रधान सचिव ने पटना मेट्रो के कोरिडोर-एक और कोरिडोर-दो के अतिरिक्त मेट्रो रेल परियोजनाो विस्तार पर भी मंथन किया। मेट्रो रेल लाइन के विस्तार की स्थित में अतिरिक्त मेट्रो स्टैबलिंग लाइन के प्रविधान की समीक्षा भी गई।

उन्होंने आक्जीलरी सब स्टेशन भवन, आटो कोच वाश प्लांट, वर्क्सशाप शेड, इंस्पेक्शन शेड, इंटरनल क्लीनिंग शेड, रिसिविंग सब स्टेशन, इलेक्टि्रक एवं ट्रैक यूनिट, रेल ग्रिडिंग मशीन आदि की भौतिक प्रगति की भी समीक्षा की।

दिया भरोसा, राशि की नहीं होगी कमी

संतोष कुमार मल्ल ने डीएमआरसी के अधिकारियों को राज्य सरकार की तरफ से सभी तरह के प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिया। कहा कि मेट्रो निर्माण में राशि की कमी नहीं होगी। ससमय निधि उपलब्धता कराई जाएगी। इसके बाद प्रधान सचिव ने मेट्रो रेल कारिडोर के विभिन्न स्थानों का भी दौरा किया।

इस दौरान बेली रोड, कंकड़बाग, बाईपास, अशोक राजपथ, गांधी मैदान आदि जगहों पर बैरिकेड्स की सफाई नहीं पाई गई। उन्होंने नियमित अंतराल पर सफाई के साथ वाटर स्पि्रंकलर के द्वारा पानी का छिड़कांव करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।

यह भी पढ़ें-

Bihar Politics: अब 10 के बदले 12 फरवरी को विश्वास मत का प्रस्ताव पेश करेंगे नीतीश कुमार, इस वजह से लिया गया फैसला

OBC विरोधी बताने पर BJP को मिला जवाब, कांग्रेस ने गिनाए 8 नाम; एक तो बिहार के 10वें मुख्यमंत्री थे

Categories: Bihar News

Bihar Politics: अब 10 के बदले 12 फरवरी को विश्वास मत का प्रस्ताव पेश करेंगे नीतीश कुमार, इस वजह से लिया गया फैसला

Dainik Jagran - February 2, 2024 - 9:20am

राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar Political News Hindi: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब 10 के बदले 12 फरवरी को विधानसभा में अपने सरकार के पक्ष में विश्वास मत का प्रस्ताव पेश करेंगे। यह बदलाव राज्यपाल डा. राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर के आग्रह पर किया गया है। सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल 10 फरवरी को बिहार में नहीं रहेंगे। उनके आग्रह पर विश्वास मत के प्रस्ताव एवं राज्यपाल के अभिभाषण की तिथि परिवर्तित करने का निर्णय लिया गया है।

सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि विधानसभा के अन्य कार्यक्रम यथावत रहेंगे। 12 फरवरी को विधानसभा के विस्तारित भवन के सेंट्रल हाल में राज्यपाल दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। उसी दिन आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा।

13 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 का पेश किया जाएगा। विधानमंडल की कार्यवाही पहले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एक मार्च तक चलेगी। कुल 11 बैठकें होंगी। सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल ने गुरुवार के दिन सरकार को सूचना दी कि वह 10 फरवरी को राज्य में उपलब्ध नहीं हैं।

इसलिए कोई दूसरी तिथि तय की जाए। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा एवं विजय कुमार चौधरी के साथ मंत्रणा की। नई तिथि निर्धारित कर दी गई।

Bihar Politics: 'भाजपा का डर अब...', हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी पर आगबबूला हुए लालू यादव, केंद्र सरकार पर जमकर बोला हमला

Bihar Weather Today: बिहार में इस तारीख को होगी बारिश, फरवरी में भी पड़ेगी कड़ाके की ठंड; पढ़ें प्रदेश के मौसम का ताजा हाल

Categories: Bihar News

Bihar Weather Today: बिहार में इस तारीख को होगी बारिश, फरवरी में भी पड़ेगी कड़ाके की ठंड; पढ़ें प्रदेश के मौसम का ताजा हाल

Dainik Jagran - February 2, 2024 - 7:55am

जागरण संवाददाता, पटना। Bihar News: राजधानी समेत प्रदेश के मौसम में तीन फरवरी के बाद बदलाव देखने को मिलेगा। तीन फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके कारण प्रदेश में 72 घंटों के दौरान पटना समेत अधिसंख्य भागों में आंशिक बादल छाए रहेंगे।

चार-पांच फरवरी को हो सकती है बारिश

चार-पांच फरवरी को पटना सहित 23 शहरों के अलग-अलग स्थानों पर हल्की वर्षा का पूर्वानुमान है। वहीं तराई वाले इलाकों में बहुत घना कोहरा व राजधानी समेत अन्य भागों में हल्के दर्जे का कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है।

मोतिहारी सबसे ठंड जिला रहा

गुरुवार को पटना सहित 22 शहरों के न्यूनतम तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई। राजधानी का न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 5.5 डिग्री सेल्सियस के साथ मोतिहारी में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

खगड़िया को छोड़कर पटना सहित सभी जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। 26.5 डिग्री सेल्सियस के साथ पटना व वैशाली का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पूर्णिया में बहुत घना कोहरा व पटना समेत अन्य भागों में हल्के दर्जे के कोहरे का प्रभाव बना रहा।

राजधानी समेत अन्य भागों के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने से ठंड का प्रभाव कम रहा। शाम में बादलों की आवाजाही बनी रही। मौसम विज्ञानी एसके पटेल ने बताया कि पांच फरवरी के बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान सात से नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। इस कारण ठंड में एक बार वृद्धि की संभावना है।

सामान्य से अधिक रहेगा तापमान 

मौसम विज्ञान केंद्र ने फरवरी के मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि पटना सहित अन्य जिलों का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। वहीं अधिसंख्य भागों का अधिकतम तापमान सामान्य रहने की संभावना है। प्रदेश में शीतलहर की स्थिति कम रहेगी। वहीं वर्षा सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी।

जनवरी में 15 दिनों तक रहा भीषण शीत

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बीते माह प्रदेश में 18 दिन शीत दिवस व 15 दिन भीषण शीत दिवस की स्थिति रही। वहीं दो दिन शीत लहर व एक दिन भीषण शीत लहर का प्रभाव बना रहा। राजधानी में 31 जनवरी को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस व 22 जनवरी को सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

वहीं औसत अधिकतम तापमान 18.9 डिग्री व न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस पांच जनवरी को फारबिसगंज में रहा। प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान भागलपुर के सबौर में 3.8 डिग्री सेल्सियस 28 जनवरी को दर्ज किया गया था।

राजधानी छह तो मगध सात घंटे विलंबित

उत्तरी भारत के विभिन्न क्षेत्रों में घना कोहरा होने के कारण ट्रेनों का विलंब से परिचालन अभी भी जारी है। गुरुवार को राजधानी एक्सप्रेस छह घंटे एवं मगध एक्सप्रेस सात घंटे विलंबित रहीं। वहीं, विक्रमशिला एक्सप्रेस छह तो संपूर्ण क्रांति चार घंटे विलंबित रहीं। श्रमजीवी एक्सप्रेस एक घंटा विलंबित रही। नार्थ-ईस्ट, सीमांचल व संघमित्रा एक्सप्रेस दो-दो घंटे विलंब से पहुंचीं।

जनशताब्दी एक्सप्रेस और पटना-हटिया एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से पहुंचीं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि उत्तरी भारत में अभी भी घना कोहरा छाया हुआ है। उसका असर ट्रेनों पर देखा जा रहा है। मौसम में सुधार होने के बाद ट्रेनों की गति में भी सुधार होगा।

जैसे-जैसे मौसम में सुधार हो रहा है ट्रेनों की गति में भी सुधार हो रहा है। उधर, झारखंड बंद का ट्रेनों पर कोई असर नहीं दिखाई पड़ा। हटिया-पटना एवं झारखंड से आने वाली अधिकांश ट्रेनें समय से पहुंचीं। रेलवे की ओर से झारखंड के विभिन्न स्टेशनों पर सावधानीवश सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।

प्रमुख शहरों का तापमान 

शहर अधिकतम       न्यूनतम

पटना     26.5           10.4

गया       24.6            9.4

भागलपुर 25.0          11.2

मुजफ्फरपुर 23.6       12.5

यह भी पढ़ें

Bihar Politics: 'भाजपा का डर अब...', हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी पर आगबबूला हुए लालू यादव, केंद्र सरकार पर जमकर बोला हमला

Bihar News: ठंड से पशुओं को बचाने के 5 सॉलिड तरीके, आपके मवेशी कभी नहीं पड़ेंगे बीमार

Categories: Bihar News

Pages

Subscribe to Bihar Chamber of Commerce & Industries aggregator - Bihar News

  Udhyog Mitra, Bihar   Trade Mark Registration   Bihar : Facts & Views   Trade Fair  


  Invest Bihar